जल जीवन मिशन 2025: 80% से अधिक ग्रामीण घरों तक पहुंचा नल जल, मिशन की प्रगति और समीक्षा

भारत सरकार द्वारा अगस्त 2019 में शुरू किए गए जल जीवन मिशन (Jal Jeevan Mission – JJM) ने ग्रामीण भारत में ‘हर घर जल’ के लक्ष्य को पाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ अर्जित की हैं। इस मिशन का उद्देश्य देश के हर ग्रामीण परिवार को नल जल कनेक्शन के माध्यम से नियमित, पर्याप्त और गुणवत्ता युक्त पेयजल उपलब्ध कराना है। 


मिशन की प्रगति : नल जल पहुंच का आंकड़ा
मिशन की शुरुआत (अगस्त 2019) में केवल 3 करोड़ 23 लाख (16.7%) ग्रामीण घरों में ही नल जल कनेक्शन उपलब्ध थे। 16 जुलाई 2025 तक के अपडेट के अनुसार, जल जीवन मिशन के अंतर्गत लगभग 12 करोड़ 43 लाख अतिरिक्त ग्रामीण घरों में नल से जल उपलब्ध कराया जा चुका है। इस प्रकार, अब देश के 19 करोड़ 36 लाख ग्रामीण घरों में से 15 करोड़ 67 लाख (80.93%) से अधिक घरों तक नल जल पहुँच चुका है। जल शक्ति राज्य मंत्री श्री वी. सोमन्ना ने 21 जुलाई को राज्यसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी।

मिशन की सुचारू समीक्षा और निगरानी
मिशन के सफल और समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए केंद्र तथा राज्य सरकार मिलकर लगातार
-समीक्षा बैठकें
-सम्मेलन
-कार्यशालाएं
-वीडियो कॉन्फ्रेंस
आदि करती हैं। इसके साथ, राष्ट्रीय जल जीवन मिशन टीम समय-समय पर राज्यों का दौरा कर मार्गदर्शन भी करती है।

मिशन के दिशा-निर्देशों में बदलाव और चुनौतियाँ
कोविड-19 महामारी और रूस-यूक्रेन संकट के चलते कच्चे माल की बढ़ी लागत के मद्देनजर 21 जून 2022 को मिशन के दिशा-निर्देशों में जरूरी संशोधन भी किए गए ताकि मिशन की गति प्रभावित न हो।

जल जीवन मिशन की कार्यक्षमता मूल्यांकन
पेयजल एवं स्वच्छता विभाग द्वारा स्वतंत्र तृतीय-पक्ष एजेंसी के माध्यम से वर्ष 2022 में किए गए सर्वे में पाया गया कि:
-86% ग्रामीण घरों में नल कनेक्शन है
-85% को पर्याप्त जल
-80% को नियमित जल आपूर्ति
-87% को गुणवत्ता अनुरूप जल मिल रहा है
2024 के लिए मूल्यांकन प्रक्रिया जारी है।

जल जीवन मिशन क्या है?
जल जीवन मिशन भारत सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं में से एक है, जिसका उद्देश्य 2024 तक हर ग्रामीण घर तक पाइप से जल पहुँचाना था। इसमें न सिर्फ जल पहुंच, बल्कि जल स्रोतों की सुरक्षा, जल गुणवत्ता और ग्राम स्तरीय सामुदायिक भागीदारी पर भी जोर दिया गया है।

जल जीवन मिशन ने ग्रामीण भारत को स्वास्थ्य, स्वच्छता और जीवन की गुणवत्ता के क्षेत्र में नई ऊँचाई दी है। सरकार की सघन मॉनिटरिंग, समीक्षा और सुधार प्रयासों के चलते ‘हर घर जल’ का सपना तेजी से पूरा हो रहा है। चुनौती भरे हालात के बावजूद, मिशन की प्रगति भारत के विकास की नई गाथा लिख रही है।

No comments:

Post a Comment